*पाली क्षेत्र में लगातार निकल रही अवैध रेत परिवहन जगह जगह लगे हैं रेत के ढ़ेर खनिज विभाग ने तो मूंद रखी है आंखे*

दीपक विश्वकर्मा

उमरिया:- इन दिनों उमरिया जिला जहां एक ओर अपराधियो का गढ़ बन रहा है वहीं दूसरी ओर अवैध रेत परिवहन एवं उत्खनन का काम भी जोरो पर चल रहा है। खनिज विभाग का पखवाड़ा भी नाकाफी साबित हो रहा है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि प्रशासन महज ढकोसला कर रहा है। अपराधियों एवं अवैध रेत कारोबारियों पर किसी भी प्रकार की कठोर कार्यवाही नही की जा रही है जिसके चलते इनके हौसले दिन प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे है। पाली में रेत चोरी का कारोबार बेखौफ जारी है। वन विभाग और पुलिस की मिली भगत से रेत चोरी का खेल जमकर हो रहा है। रायपुरए बन्नौदा से रेत निकाली जा रही है और बिरसिंहपुर पाली में बिना किसी खौफ के सप्लाई की जा रही है। यह पूछने वाला कोई जिम्मेदार नजर नहीं आ रहा कि आखिर रेत चोर रेत ला कहां से रहे हैं। रेत सप्लाई करने वाले सीना चौड़ा करके जोरो से रेत चोरी कर रहे है। यह सही भी है कि बिना पुलिस और फारेस्ट के और खनिज विभाग के सहयोग के रेत चोरी का खेल नहीं खेला जा सकता और बडे अधिकारियों का संरक्षण अलग मिल रहा है। रेत चोरी के धंधे में लगे लोग जब रेत सप्लाई करते हैं तो वे खुद उन लोगों को बताते हैं कि रेत इसलिए महंगे दामों पर सप्लाई की जा रही है।यदि जब पुलिस और फारेस्ट के लोगों से सेटिंग का खेल चल रहा है तो स्वाभाविक है कि चोरी करने वाले लोग भी कुछ कमाएंगे तो वे भी मनमाना पैसा रेत खरीदने वालों से वसूलते हैं।जब कि पुलिस और फारेस्ट के लोगों का कहना है कि वे किसी से पैसा नहीं लेते और रेत भी शहर में नहीं आ रही है। यह और बात है कि शहर में लगे रेत के ढेर इन्हें दिखाई नहीं पड रहे हैं। बिरसिंहपुर पाली शहर और आसपास कई जगह निर्माण कार्य जारी हैं। इन सभी जगहों पर रेत के ढेर देखे जा सकते हैं। सवाल यह उठता है कि जब रेत का काम बंद है तो फिर रेत आ कहां से रही है। इस सवाल का सीधा सा जवाब है कि रेत चोरी की जा रही है और रेत चोर पुलिस और फारेस्ट के अधिकारियों के यार दोस्त बन गए हैं। साधारण आदमी को पुलिस से मिलने के लिए भले ही कई चक्कर लगाने पड़ जाएं लेकिन रेत चोर अधिकारियों के ऑफिस में तुरन्त प्रवेश मिल जाता है। पाली के थाना प्रभारी मदन लाल मरावी से चर्चा की गई तो उनका कहना है कि पुलिस के द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही हैं और अभी कुछ गाड़ियों पर कार्यवाही की गई है लगातार चलता रहेगा हांलकि कब यह बयान थाना प्रभारी का कितना कारगर साबित होता है यह तो समय बता सकता है।

Express MPCG