*कुशवाहा गली में दो सालों से भरी पड़ी नाली, निकासी पर मिट्‌टी पाट दिए जाने के कारण नहीं निकल पा रहा पानी, मलेरिया-डेंगू का खतरा भी बढ़ा*

आर एस भटनागर

जगदलपुर। शहर के शांतिनगर वार्ड के लोग इन दिनों गंदगी से बेहद परेशान हैं। बताया जाता है कि वार्ड की कुशवाहा गली में सड़क किनारे बनी नाली पूरी तरह से बजबजा रही है, वहीं गंदा पानी भरा हुआ है। पानी की निकासी के लिए कोई जगह नहीं होने के कारण इनमें मच्छर भी पनपने लगे हैं, जिससे मलेरिया-डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है।

इधर वार्ड में पसरी गंदगी पर कोई भी पहल अब तक नगर निगम ने नहीं की है। गंदगी के साथ ही मच्छरों की पैदावार बढ़ने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द इस अव्यवस्था को दूर करने की मांग की है।

वार्ड के लोगों ने बताया कि कुशवाहा गली में बनी नाली से जहां पहले गंदे पानी की निकासी होती थी, लेकिन गली में दो साल पहले पुलिया निर्माण करने के बाद नाली निकासी के लिए जगह ही नहीं बनाई गई है। वहीं पानी निकासी की जगह पर मिट्‌टी डालकर नाली को पाट दिया गया है। इन हालातों में लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कुशवाहा गली के रहवासियों ने बताया कि इसे लेकर कई बार पार्षद व नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन दो साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि नालियां बुरी तरह से बजबजा रही हैं, वहीं गंदे पानी का भराव भी बरकरार है। इन हालातों में मच्छरों की पैदावार बढ़ गई है। मच्छरों की पैदावार बढ़ जाने से मलेरिया-डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है।