*घर से लोहे की खिड़की और जल मापक मीटर चुराने वाला आरोपी 24 घंटों के अंदर पकड़ाया*

*आर एस भटनागर*

जगदलपुर। शहर के मोतीतालाब पारा से खिड़की में लगने वाली लोहे की जाली और जल मापक मीटर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि बीते गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात युवक के घर से लोहे की जाली व जल मापक मीटर चोरी हो गया था, जिसकी शिकायत उसने सिटी कोतवाली में दर्ज करवाई थी।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात मोतीतालाब पारा निवासी रवि कुमार यादव के घर से अज्ञात चोर खिड़की में लगने वाली लोहे की जाली और जल मापक मीटर चोरी होने की शिकायत दर्ज की थी। इस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में आरोपी की तलाश के दौरान एक संदिग्ध युवक धरमपुरा निवासी विशाल पंत 19 साल को पुलिस ने पकड़ा और उससे पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। बाद में उसकी निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली टीआई लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, आरक्षक नकुल नुरेटी, उत्तम ध्रुव, सहदेव मरकाम शामिल थे।

Express MPCG