आर एस भटनागर
जगदलपुर। राइस मिल में रखे चावल की चोरी बीते दिनों अज्ञात चोरों ने कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि राइस मिल से चावल चोरी होने की शिकायत मिल मालिक ने बोधघाट थाने में दर्ज करवाई थी। आरोपियों के कब्जे से 10 क्विंटल चावल जब्त किया गया है। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड निवासी अशफाक हुनानी ने बोधघाट थाने में मिल से चावल चोरी होने की घटना की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अशफाक ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से उसके मिल से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चावल चोरी होने की शंका हुई थी। जब मिल के मजदूरों से पूछताछ की गई तो कुछ भी पता नहीं चल सका।
बीते बुधवार की शाम करीब 6 बजे मजदूरों से 20 प्लास्टिक की बोरियों में 10 क्विंटल चावल को दीवार के किनारे रखवा दिया। इसके बाद रात करीब 9.30 बजे जब उन्होंने देखा तो चावल की बोरियां वहां नहीं थीं। बाद में मजदूरों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि वेयर हाउस के पास रहने वाले दो युवकों को मिल की दीवार फांदकर उन्होंने अंदर आते देखा था।
बाद में दोनों युवकों को संदेह के दायरे में लेकर पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो उन्होंने चावल चोरी करने की बात स्वीकार की। बाद में उनकी निशानदेही से चोरी किया गया चावल भी जब्त किया गया। आरोपियों में बलीराम कश्यप वार्ड निवासी किशोर सेवक 35 साल, किशोर सिन्हा 39 साल व नयामुंडा निवासी इरफान सिद्दीकी 19 साल को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में बोधघाट टीआई कविता धुर्वे, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक नितेश मेश्राम, चोवा दास, आरक्षक प्रकाश नायक, राकेश, गुनाकर पनिग्राही, यशवंत शामिल रहे।
