फागु यादव

कोंडागांव जिले में विधानसभा निर्वाचन के नतीजों के 3 दिन पूर्व ही सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल उठ गया है। कोंडागांव भाजपा प्रत्याशी सुश्री लता उसेंडी सहित भाजपा कार्यकर्ताओ ने 30 नवंबर को गुंडाधुर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम परिसर के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग से कोंडागांव कलेक्टर एवं एसपी को सस्पेंड करने की मांग की है। भाजपाईयों का आरोप है की विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान निष्पक्ष चुनाव प्रभावित करने के उद्देश्य से मतगणना स्ट्रांग रूम के सुरक्षा लेयर को पार कर कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओ द्वारा मतगणना कक्ष में प्रवेश किया गया है। जबकि जारी पत्र के अनुसार प्रत्याशी एवं उनके अधिकृत अभिकर्ता ही मतगणना कक्ष की निरीक्षण के लिए प्रवेश कर सकते थे। वहीं इस घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद होने का भी संगीन आरोप लगाया जा रहा है। जिसे भाजपा एक साजिश के तहत देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को सस्पेंड करने तथा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की मांग कर रही है। इस मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उग्र प्रदर्शन किया गया है।
