आर एस भटनागर
जगदलपुर। नौकरी लगाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले आरोपी युवक को नगरनार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि शिक्षा विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर आरोपी ने 3 लोगों से करीब 5.17 लाख रूपए लिए थे, लेकिन उनकी नौकरी को लेकर कोई भी पहल नहीं हुई। पुलिस में प्रार्थियों ने शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जहां से उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक माड़पाल निवासी कमलेश्वर कुंवर 34 वर्ष ने 25 नवंबर को पुलिस थाने में बकावंड निवासी मनोज बिसाई 32 वर्ष के खिलाफ शिकायत करते हुए नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रूपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच में पुलिस ने पाया कि कमलेश्वर के अलावा दो और लोगों से उसने कुल करीब 5.17 लाख रूपए की ठगी की है।
बाद में नगरनार व बकावंड पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर उसके बकावंड में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। बाद में उससे कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवानंद सिंह, दिनेश यादव, एएसआई सुदर्शन दुबे, आरक्षक खेदूराम ठाकुर, श्याम चंद्राकर शामिल थे।
