भाजपा की परिवर्तन यात्रा को दंतेवाड़ा में गृह मंत्री अमित शाह दिखाएंगे हरी झंडी-निरन्जन सिन्हा

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर। भारतीय जनता पार्टी आगामी 12 और 16 सितम्बर से प्रदेश के दो स्थानों, दंतेवाड़ा और जशपुरनगर से परिवर्तन यात्राओं का शंख फूँकने जा रही है। जिसकी तैयारी हेतु भाजपा कार्यलय कमल सदन कांकेर में बस्तर संभाग सह संगठन प्रभारी निरंजन सिन्हा, लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी की उपस्थिति तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया की अध्यक्षता में भाजपा के अपेक्षित पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई ।
बैठक से पहले भाजपा के नवनियुक्त बस्तर संभाग भाजपा संगठन सह प्रभारी निरंजन सिन्हा का नियुक्ति पश्चात प्रथम नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
बैठक को सम्बोधित करते परिवर्तन यात्रा के सह प्रभारी निरंजन सिन्हा ने इन दोनों यात्राओं के पूरे रोडमैप और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। सिन्हा ने कहा कि 12 सितम्बर से दंतेवाड़ा से प्रारंभ हो रहे इस परिवर्तन यात्रा को मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरी झण्डी दिखाएंगे। परिवर्तन यात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय व प्रादेशिक वरिष्ठ नेताओं का भी मार्गदर्शन समय-समय पर मिलता रहेगा। भाजपा की परिवर्तन यात्रा प्रदेश की भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी, अन्याय-अत्याचार और प्रदेश के हर वर्ग के साथ धोखाधड़ी करने वाली भूपेश सरकार के ताबूत में आखिरी कील ठोकेगी। श्री सिन्हा ने प्रदेश की जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं से इस परिवर्तन यात्रा में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
सिन्हा ने बताया कि दोनों यात्राएँ 87 विधानसभा क्षेत्रों की 2,989 किमी की यात्रा तय करेंगी। यात्रा के दौरान 45 आमसभाएँ, 32 स्वागत सभाएँ और 5 रोड शो होंगे। इस पहली यात्रा के संयोजक विधायक शिवरतन शर्मा व पूर्व मंत्री महेश गागड़ा होंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया ने कहा कि भाजपा की ये परिवर्तन यात्राएँ छत्तीसगढ़ में भ्रष्ट भूपेश सरकार की पोल खोलने का काम करेगी और जनता को बताएगी कि कैसे छत्तीसगढ़ में पिछले पौने 5 साल से घपले-घोटालों की सरकार, अत्याचार की सरकार और वादाखिलाफी की सरकार चल रही है।
लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में 36 घोषणाएं थीं, लेकिन एक को भी पूरा करने का कोई प्रयास प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने नहीं किया, बल्कि दिल्ली दरबार का एटीएम बनाकर छत्तीसगढ़ को घोटाले और भ्रष्टाचार से लूटने का काम किया।
इस बैठक में विधानसभा प्रभारी कमलेश ठोकने, भाजपा प्रत्याशी आशाराम नेताम, सुमित्रा मारकोले, भरत मटियारा, हलधर साहू, राजीव लोचन सिंह, गौतम उइके, देवेंद्र भाऊ, राजा देवनानी, देवेंद्र साहू, दीपक खटवानी, यशवंत सुरोजिया, पंचू राम नायक, नरोत्तम चौहान, संजय सिन्हा, उमा देवी शर्मा, विजय मण्डावी, मोती राम नाग सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकता उपस्थित रहे ।

Express MPCG