नए पार्किंग स्थल से भी टनों कचरा साफ़ किया “जन सहयोग” संस्था ने,,


यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर “जन सहयोग ” संस्था द्वारा निरंतर चल रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज इस संस्था के समाजसेवियों ने अपने अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में पुराने बस स्टैंड तथा दूध नदी के बीच स्थित नए पार्किंग स्थल की सफाई का कार्यक्रम रखा था वहां यह देख कर सभी हैरान रह गए कि वहां भी कई क्विंटल कचरा पड़ा हुआ था, जिसके कारण लोग वहां अपने वाहन पार्क करने से घबराते हैं। इस जगह को काफी समय पूर्व पुराने बस स्टैंड का पार्किंग स्थल घोषित किया जा चुका है लेकिन कचरा फेंकने वाले लोगों तथा दुकानदारों ने इसे भी कूड़ादान बना दिया , जिसकी जमकर साफ सफाई आज “जनसहयोग”संस्था के कर्मठ सदस्यों द्वारा सुबह सुबह आकर कई घंटों तक की गई और कई क्विंटल कचरे का निष्पादन किया गया । कार्यक्रम की समाप्ति से पूर्व अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी तथा उनके वरिष्ठ सहयोगी ने वक्तव्य देकर कहा कि हम लोग लगातार कांकेर शहर तथा दूध नदी को साफ करने में लगे हुए हैं लेकिन नदी किनारे की आबादी तथा व्यापारी लोगों से हमें पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है, जबकि हम उनसे कोई काम कराना नहीं चाहते सिर्फ़ इतना ही चाहते हैं कि अपना कचरा नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थान अथवा डोर टू डोर वाहन में ही डालें । दुख की बात है कि लोग इतना भी नहीं करना चाहते। लोग दूध नदी में तो कचरा फेंकते ही थे, अब नया पार्किंग स्थल, जिसे घोषित किया गया है, वहां भी फेंकने लगे हैं। यह कैसी नागरिक भावना है? ऐसे में कांकेर को स्वच्छ सुंदर शहर बनाने का हम सब का सपना कहीं टूट ना जाए । कार्यक्रम के अंत में सबने भारत माता की जय के साथ ही साथ स्वच्छ सुंदर कांकेर बनाने के नारे भी लगाए। आज के स्वच्छता कार्यक्रम में “जन सहयोग” के उत्साही कार्यकर्ताओं में अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा बल्लू राम यादव, प्रवीण गुप्ता, राजेश चौहान, दिनेश मोटवानी, करण नेताम, भूपेंद्र यादव, बहादुर, वाल्मीकि, कृष्णा चौरसिया, शैलेंद्र देहारी तथा संत कुमार रजक ने अति उत्साह पूर्वक स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी प्रदान की। नए पार्किंग स्थल में इतना अधिक कचरा मिलना तथा जन सहयोग द्वारा उसका निष्पादन आज शहर में चर्चा का विषय है।