@ यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर जिले में विकास कार्य निरंतर जारी है और स्कूल-कॉलेज खुल रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की सुविधा के साथ हाट-बाजार में ग्रामीणों को निःशुल्क ईलाज मिल रहा है। उक्त बातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम करप में आयोजित कोसरिया मरार (पटेल) समाज के महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कही मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि गौठानों में आजीविकामूलक गतिविधियों के कारण गांवों में आर्थिक समृद्धि आई है। गौठानों में गोबर से प्राकृतिक पेंट और बिजली उत्पादन की दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं, ऐसे गौठान जहां प्रतिदिन पांच क्विंटल से ज्यादा गोबर की खरीदी हो रही है, उन गौठानों में बिजली उत्पादन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेष में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से पिछले 4 वर्षों से लगातर मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। जिला चिकित्सालय कांकेर को एमआरआई जांच की सुविधा भी मिल गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की संख्या बढ़कर अब 23 लाख 50 हज़ार हो गई है और नया कीर्तिमान गढ़ते हुए इस वर्ष 107 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के चौथी किश्त की राषि जो पहले 31 मार्च 2023 तक मिलने की बात कही गई थी, वो अब 25 मार्च तक किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सर्वाधिक पुरस्कार जीतने पर कांकेर जिलावासियों को बधाई भी दी।
