विनोद जैन 
बालोद – दिनांक 01 नवंबर 2026 को प्रार्थी पुनीत यादव अपने साथी मोहन नायक एवं ऋषि यदु के साथ जन्मदिन मनाने झरन मंदिर के पास गया था। वापस लौटते समय वार्ड क्रमांक 12 स्थित शिव मंदिर चौक के पास उनकी मुलाकात बिरझु साहू से हुई, जहां पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ।
इसी दौरान रात्रि करीब 11:30 बजे जब तीनों युवक आरोपी के घर के सामने वाली गली से गुजर रहे थे, तभी आरोपी घर से लोहे का चाकू लेकर बाहर निकला तथा पुरानी रंजिश के चलते तीनों युवकों पर चाकू एवं चूड़ा से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवकों के सिर, चेहरे, नाक एवं हाथ में गंभीर चोटें आईं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना दल्ली राजहरा में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 126(2), 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चौहान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना व नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी घटना के बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर जगदलपुर, जिला बस्तर चला गया था। पुलिस टीम द्वारा जगदलपुर पहुंचकर आरोपी की तलाश की गई, लेकिन वह पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही वहां से फरार हो गया।
पुलिस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर फरार आरोपी बृजभान सोनवानी उर्फ बिरझु साहू को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई।
आरोपी को हिरासत में लेकर थाना दल्ली राजहरा लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा पुरानी रंजिश एवं आपसी विवाद के चलते घटना कारित करना स्वीकार किया गया।
आरोपी के पेश करने पर घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू एवं चूड़ा विधिवत जप्त किया गया। आरोपी को दिनांक 28 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेजा गया।
बृजभान सोनवानी उर्फ बिरझु साहू, पिता सालिक राम सोनवानी, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, बजरंग चौक, दल्ली राजहरा, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)।
