होली क्रॉस स्कूल लख्खादान में ‘SPRINOVA 2026’ का भव्य आयोजन, खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित हुई वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता

बिलासपुर, रिपुदमन सिंह बैस


बिलासपुर@ होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लालखदान , बिलासपुर में 27 नवंबर 2026 को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘SPRINOVA 2026’ का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, गिरजा शंकर, सीनियर डिविजनल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे तथा विकास सिंह ठाकुर, टेक्नीशियन, सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग, बिलासपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सिस्टर क्लेरिटा डी’मेलो के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

*अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह*

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, धैर्य और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीत और हार दोनों को समान भाव से स्वीकार करते हुए सच्ची खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

*खेल मैदान में दिखा बच्चों का जोश*

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खेल मैदान विद्यार्थियों के जोश, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना से सराबोर रहा।

*शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : प्राचार्या*

प्राचार्या डॉ. सिस्टर क्लेरिटा डी’मेलो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

‘SPRINOVA 2026’ का आयोजन विद्यार्थियों के लिए उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से भरा रहा। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व समझने का अवसर दिया। आयोजन विद्यालय के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।