यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
_आरक्षित वर्ग के 39 विधायकों से उठाई आवाज बुलंद करने की अपील, सामूहिक इस्तीफे की दी चुनौती_
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश के 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने के निर्णय का राष्ट्रीय जनसभा पार्टी ने कड़ा विरोध किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखमू राम टंडन ने इस फैसले को शिक्षा के बाजारीकरण की दिशा में उठाया गया कदम बताते हुए सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
लखमू राम टंडन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि यदि एक स्कूल में औसतन 35 शिक्षकों की आवश्यकता मानें, तो 207 स्कूलों में लगभग 7,245 शिक्षकों की भर्ती की संभावना बनती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन पदों पर भर्ती किस प्रक्रिया और किस आरक्षण व्यवस्था के तहत होगी? निजी संस्थाओं में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण की क्या व्यवस्था होगी? क्या सरकार ने इस महत्वपूर्ण पहलू पर विचार किया है?
उन्होंने प्रदेश के आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के 39 विधायकों से सवाल करते हुए कहा कि आप विधानसभा में केवल विधायक बनने के लिए नहीं, बल्कि अपने समाज, वंचित वर्गों और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की रक्षा के लिए पहुंचे हैं। आज जब हजारों बेरोजगार युवाओं के भविष्य और आरक्षण के अधिकारों पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तब आपकी चुप्पी समझ से परे है।
टंडन ने कहा कि यदि इन विधायकों का जमीर जीवित है और वे वास्तव में अपने समाज के हितैषी हैं, तो अभी भी समय है। सरकार के इस फैसले के खिलाफ एकजुट होकर विधानसभा में आवाज बुलंद करें। जरूरत पड़ने पर सामूहिक इस्तीफे जैसा कड़ा राजनीतिक कदम उठाने का साहस दिखाएं। उन्होंने कहा कि आरक्षित वर्ग के विधायकों की एकजुटता सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने का सीधा असर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बेरोजगार युवाओं पर पड़ सकता है। इससे सरकारी व्यवस्था में उपलब्ध रोजगार के अवसर और आरक्षण के माध्यम से मिलने वाले अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। लखमू राम टंडन ने कहा कि जिस समाज और वर्ग के समर्थन से विधायक विधानसभा तक पहुंचे हैं, आज उसी वर्ग के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जिस वृक्ष की डाल पर बैठे हैं, उसी को काटने का काम न करें। आने वाली पीढ़ियां उनके फैसलों और उनकी चुप्पी का हिसाब जरूर मांगेंगी।
उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक है। वह अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर पहले से अधिक सजग है। यदि जनप्रतिनिधि समय रहते जनता के हित में आवाज नहीं उठाते हैं, तो आने वाले समय में उन्हें अपने ही विधानसभा क्षेत्रों में जनता के सवालों का सामना करना पड़ेगा।
राष्ट्रीय जनसभा पार्टी की प्रमुख मांगें :
1. छत्तीसगढ़ सरकार 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने का फैसला तत्काल वापस ले।
2. शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक क्षेत्र का निजीकरण बंद किया जाए।
3. सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियमित भर्ती सरकारी व्यवस्था के तहत की जाए।
4. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक आरक्षण और रोजगार के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
5. प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधि इस फैसले के खिलाफ अपनी स्पष्ट राय रखें और जनता के हितों की रक्षा करें।
अंत में लखमू राम टंडन ने कहा कि शिक्षा कोई व्यापार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं के हवाले करना प्रदेश के गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के बच्चों तथा युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हो सकता है। भाजपा सरकार इस जनविरोधी निर्णय को तत्काल वापस ले, अन्यथा राष्ट्रीय जनसभा पार्टी प्रदेशभर में निजीकरण के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी।
