*रात्रि कालीन सड़क- दुर्घटनाओं पर पप्पू मोटवानी ने ड्राइवर भाइयों से चर्चा की*,,

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर


काँकेर, समाज सेवी संगठन “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी द्वारा एक नई पहल करते हुए विगत रात्रि अपना सारा समय सड़क दुर्घटना समस्याओं को देते हुए कई ड्राइवर भाइयों से अत्यंत उपयोगी चर्चा की। उल्लेखनीय है कि काँकेर तथा आसपास विशेष कर बाईपास रोड में अनेक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और अनेक लोग हताहत हो चुके हैं। कल रात्रि भी काँकेर बाईपास में सिर्फ़ और सिर्फ़ अपर -डिपर का संकेत सही ढंग से नहीं मिल पाने के कारण एक मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई, जिसका शिकार छोटा बच्चा हो गया । अजय पप्पू मोटवानी अपने वक्तव्य में बताते हैं कि मैं प्रति रात्रि जिला अस्पताल में जाकर नि:शुल्क सेवाएं देता हूं । इस दौरान मुझे दुर्घटना का पता चला तो मैंने घटना स्थल पहुंचकर जो भी सेवा कार्य कर सकता था, वह किया और ड्राइवर भाइयों के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर चर्चा करते हुए उन्हें गाड़ी की रफ्तार तथा सही ढंग से डिपर के संबंध में सुझाव दिए। एक पढ़े लिखे ड्राइवर ने बताया कि छोटी गाड़ियों वाले ही सही ढंग से अपर डिपर नहीं देते, जिससे बड़ी गाड़ी वालों को धोखा हो जाता है। हमारे भी मां-बाप बीवी बच्चे इंतज़ार करते हैं, जिसकी चिंता हमें रहती , इसलिए जानबूझकर गलती तो हम कर नहीं सकते ,फिर भी हम अपनी ड्राइवर यूनियन से अपील करते हैं कि विशेष कर रात्रि के समय गाड़ी की स्पीड कम रखें ,नशा ना करें तथा अपर-डिपर का प्रयोग इस तरह करें जिससे कि सामने वाला सावधान होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बच सके। “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने रात्रि में ही बाईपास से आने जाने वाले वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टियाँ चिपकाईं एवं आने- जाने वाले सभी वाहन चालकों को अपर डिपर जागरूकता का नव संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है , इसकी रक्षा में लापरवाही ना करें ताकि किसी के घर का चिराग़ सड़क दुर्घटना में ना बुझने पाए। अपना और सबका ध्यान रखें, सुरक्षित रहें। पप्पू मोटवानी के इस नेक कार्य की सारे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़ के लिए अनेक संचार माध्यमों से अपनी मार्मिक अपील भी जारी की है।