दलपत सागर के पास स्कॉर्पियो में बेच रहे थे नशीली कैप्सूल, दो आरोपी गिरफ्तार; 12.10 लाख का सामान जब्त

चंद्रहास वैष्णव

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 216 नशीली कैप्सूल के साथ बिना नंबर की स्कॉर्पियो और चाकू बरामद; NDPS एक्ट के तहत भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

बस्तर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जगदलपुर के दलपत सागर स्थित रानी घाट के पास स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर नशीली कैप्सूल बेचने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित श्रेणी की 216 नशीली कैप्सूल, बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो और एक चाकू बरामद किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति दलपत सागर के रानी घाट के पास बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में बैठकर अवैध रूप से नशीली कैप्सूल बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक आंशिका जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष प्रकाश सावल (33), निवासी नयापारा आड़ावाल तथा सुमित पाण्डेय (29), निवासी पनारापारा विजय वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से Dicyclomine HCl, Tramadol HCl एवं Acetaminophen युक्त Pyeevon Spas Plus की 27 स्ट्रिप में कुल 216 कैप्सूल बरामद की गईं। इसके अलावा बिना नंबर की स्कॉर्पियो और एक चाकू भी जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय NDPS, जगदलपुर के समक्ष पेश किया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।