विनोद जैन 
बालोद जिले के बहुचर्चित एसिड अटैक प्रकरण में गिरफ्तार 02 आरोपियों को आज दिनांक 06.10.2026 को पुलिस अभिरक्षा में जिला न्यायालय बालोद पेश करने हेतु ले जाया जा रहा था।
न्यायालय परिसर के मुख्य मार्ग पर पहले से मौजूद आक्रोशित छात्र-छात्राओं एवं युवा संगठनों के लगभग 300-350 लोगों द्वारा पुलिस वाहन को रोककर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए आरोपियों को फांसी दो और पुलिस प्रशासन जिंदाबाद जैसे नारेबाजी की गई वहीं महाविद्यालय की आक्रोशित छात्राओं ने आरोपियों पर कालिख भी फेंकी पर पुलिस के बीच बचाव करने एवं धक्का मुक्की होने से और आक्रोशित हो गई
इस दौरान आक्रोशित भीड़ द्वारा पुलिस के काफिले को घेर लिया गया, जिससे कुछ देर के लिए स्थानीय घड़ी चौक से न्यालय परिसर तक अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई तथा भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस एवं युवाओं के बीच हल्की झूमा-झटकी भी हुई।
पुलिस द्वारा तत्काल अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया, भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया गया। इसके पश्चात आरोपियों को सुरक्षित जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसिड अटैक पीड़िता के शीघ्र न्याय हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार प्रकरण में विवेचना तेजी से की जा रही है एवं फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हेतु प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।
वहीं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें, और कानून को अपना काम करने दें।
