विनोद जैन 
बालोद। 22 वर्षीय छात्रा पर हुए कथित एसिड अटैक की घटना को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बालोद ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुलशन साहू के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एसपी से मुलाकात कर घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग रखी।ज्ञापन में कहा गया कि पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर हमला किया गया, जिसमें उसके चेहरे एवं शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर उपचार के लिए पीड़िता को रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।भाजयुमो ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर घटना में शामिल सभी आरोपियों एवं सहयोगियों की भूमिका की जांच की जाए। साथ ही घटनास्थल एवं आसपास के उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए उनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाए और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में पीड़िता को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने, बेहतर चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने तथा हरसंभव कानूनी सहायता दिलाने की भी मांग की गई है। भाजयुमो ने कहा कि मामले में शीघ्र कार्रवाई से पीड़िता को न्याय मिल सकेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी।
इस दौरान भाजयुमो पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग की। इस दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष गुलशन साहू, करहीभदर मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू,
प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य पंकज चौधरी, जिला महामंत्री अनूप देशमुख/हिमांशु साहू, जिला सह कोषाध्यक्ष ढालेंद्र सर्वा, जिला मीडिया प्रभारी अभिन्न यादव, जिला कार्यसमिति सदस्य रजत जैन, सनौद मंडल अध्यक्ष मितेश साहू, मिरीटोला मंडल अध्यक्ष अजय साहू,मंडल महामंत्री कमल बजाज, कोषाध्यक्ष समकित सांखला उपस्थित रहे।
