*महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन की तैयारी तेज, निष्क्रिय प्रभारियों पर भी गिरेगी गाज जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर की समीक्षा बैठक में बनी चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति, बसंत यादव बोले—दो माह में घर-घर पहुंचाएं अभियान*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर। महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रस्तावित चरणबद्ध जन आंदोलन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी आंदोलन की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिले के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तथा प्रदेश स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान प्रभारी लेखराम साहू एवं विधायक भानुप्रतापपुर श्री मति सावित्री मनोज मंडावी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

ब्लॉक, बूथ से लेकर घर-घर तक पहुंचेगा अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में जन आंदोलन चलाया जा रहा है। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार कांकेर जिले में भी इस अभियान को प्रत्येक ब्लॉक, बूथ और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों के बीच पहुंचकर महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से संबंधित आवेदन फॉर्म भरवाएं और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें। इसके लिए ब्लॉक और बूथ स्तर की टीमों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
कुरूद के पूर्व विधायक श्री लेख राम साहू ने कहा कि अभियान को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आगामी दो माह के भीतर जिले के अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचकर आवेदन फॉर्म भरवाने का कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों एवं संबंधित प्रभारियों से अभियान की नियमित समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर कार्य में तेजी लाने को कहा।

*छह माह के कामकाज की* *समीक्षा, निष्क्रिय प्रभारियों पर* *सख्ती*
* बैठक में जन आंदोलन की रणनीति के साथ संगठनात्मक कामकाज की भी समीक्षा की गई। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नियुक्त प्रभारियों के पिछले छह महीनों के कार्यों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव ने सख्त रुख अपनाया।
उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रत्येक पदाधिकारी से सक्रियता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की अपेक्षा है। पिछले छह महीनों में जिन जिला एवं ब्लॉक प्रभारियों का काम संतोषजनक नहीं रहा, जिन्होंने अपने प्रभार क्षेत्र में सक्रियता नहीं दिखाई अथवा संगठनात्मक गतिविधियों में अपेक्षित योगदान नहीं दिया, उनके काम की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी।
काम नहीं करने वालों की जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी
बसंत यादव ने स्पष्ट किया कि संगठन में निष्क्रियता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन प्रभारियों ने लगातार अपनी जिम्मेदारियों की अनदेखी की है, उन्हें जिम्मेदारी से हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, संगठन के लिए लगातार सक्रिय रहकर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निष्क्रिय जिला एवं ब्लॉक प्रभारियों की कार्यप्रणाली का आकलन कर आगामी बैठक में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
चरणबद्ध आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों से कहा गया कि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर का मुद्दा सीधे आम उपभोक्ताओं से जुड़ा हुआ है, इसलिए आंदोलन को ब्लॉक और बूथ स्तर तक सीमित न रखकर घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाए। बैठक में अब तक हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों में जनसंपर्क तेज करने, आवेदन भरवाने और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले दिनों में महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में जिले में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को तेज किया जाएगा, वहीं संगठनात्मक जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
आज के बैठक मै प्रदेश सचिव जनक नन्दन कश्यप प्रदेश आदिवासी कांग्रेस उपाध्यक विजय ठाकुर, नवली मीना मांडवी, सुभद्रा सलाम, मुकेश ठक्कर, रूप सिंह पोटाई,हेमंत ध्रुव, ठाकुर राम कश्यप, वीरेंद्र ठाकुर, तरेंद्र भंडारी, जिला महामंत्री उदय प्रकाश शर्मा बंटी, भौम सिंह नाग, ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत विश्वास, बबला पाडी, हिरवेंद्र साहू, रोहिदास शोरी, लोमंद्र यादव, धनेश नरेती, दुर्गेश ठाकुर, यासीन करानी, भारती सलाम,अमृत लाल देवांगन, मंजू सोनकर, राजेंद्र साहू, राकेश गुप्ता , देवेंद्र कुमार सोनी, कृष्णा टेकाम, राजकुमार ठाकुर, महेंद्र यादव, रमेश पाण्डे, नन्दू राठी, अजय भास्वानी, मुकेश राय,अजय सिंह रेनू, मुकेश तिवारी, दीपक शोरी, बबलू देवांगन, झमित कड़ियांमम, शेखर सलाम,पुरुषोत्तम सिंहा, कमल नागवंशी, शेष गजबिय, राजा ठाकुर , किशन साहू, रमेश बघेल, चेतन मरकाम, दिनेश पेटल, अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे