विनोद जैन 
बालोद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति के प्रतीक ‘वंदे मातरम्’ गीत के कथित अपमान को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कड़ी आपत्ति जताई है।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष गुलशन साहू ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा राष्ट्रीय भाव है। ऐसे पवित्र गीत के प्रति किसी भी प्रकार का असम्मान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सभी राजनीतिक दलों और संगठनों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रतीकों का सम्मान करना चाहिए। कांग्रेस कार्यालय में हुई घटना ने देशभक्त नागरिकों की भावनाओं को आहत किया है।
गुलशन साहू ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा इस घटना का शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता है और कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रतीकों के सम्मान का संकल्प लेने की मांग करता है।
