यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर अध्यक्ष श्री बसंत यादव के नेतृत्व मै कांग्रेस की रैली के स्थल पर कथित रूप से किए गए “शुद्धिकरण” के विरोध में मार्च एवं सत्याग्रह आंदोलन आयोजित किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड कांकेर से गांधी चौक तक मार्च निकालकर घटना के प्रति विरोध दर्ज कराया और गांधी चौक में सत्याग्रह किया।
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष श्री बसंत यादव ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति के बाद रैली स्थल का गंगाजल से तथाकथित “शुद्धिकरण” किया जाना अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण मानसिकता का परिचायक बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं देश की सामाजिक समरसता, समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा के मूल्यों के विपरीत हैं।
इसी घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुराना बस स्टैंड में एकत्रित हुए। यहां से कांग्रेसजनों ने हाथों में पार्टी का झंडा एवं तख्तियां लेकर नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्ग से गांधी चौक तक मार्च किया। गांधी चौक पहुंचकर कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के अनुरूप सत्याग्रह कर अपना विरोध प्रकट किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ नेता हैं और उनके प्रति इस प्रकार का व्यवहार केवल किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का अपमान नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की गरिमा, समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय की भावना पर आघात है। भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता एवं सम्मान का अधिकार प्रदान करता है और लोकतांत्रिक समाज में जातिगत एवं भेदभावपूर्ण मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और मानवीय गरिमा की रक्षा के लिए सदैव आवाज उठाती रहेगी। महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए कांग्रेस समाज में नफरत, भेदभाव और विभाजनकारी मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
मार्च एवं सत्याग्रह आंदोलन में प्रमुख रूप प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर, प्रदेश सचिव जनक नन्दन कश्यप, प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस सरजू शोरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री नितिन पोटाई, पूर्व महामंत्री पुरुषोत्तम पाटिल, जिला महामंत्री उदय प्रकाश शर्मा बंटी, भौम सिंह नाग, अजय भास्वानी, मनोज जैन, ब्लॉक अध्यक्ष यासीन करानी, लोमेंद्र यादव, नेता विपक्ष पालिका अजय रेनू, मुन्ना इसहाक अहमद, विजय यादव, मतीन खान, मुकेश तिवारी, मकबूल खान, मुन्ना ठाकुर, कमल नागवंशी, सुमित राय, शेष गजबिय, लतीफ मेमन, पवन कांगे एवं सूरज सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर ने मार्च एवं सत्याग्रह के माध्यम से घटना की कड़ी निंदा करते हुए सामाजिक समानता एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया। कांग्रेसजनों ने कहा कि देश में भेदभाव और नफरत के विरुद्ध तथा संविधान, सामाजिक न्याय और भाईचारे के पक्ष में उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
