यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कोंडागांव
सावन के पवित्र महीने में, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा स्वच्छता का संदेश देती एक सराहनीय पहल की गई। भारी बारिश के बावजूद पूर्व सैनिकों और उनके मार्गदर्शन में निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा-युवतियों ने नगर व आसपास के पांच प्रमुख शिव मंदिरों—कोपाबेड़ा शिव मंदिर, बंधा तालाब शिव मंदिर, बाजार पारा शिव मंदिर, डीएनके शिव मंदिर और चिकलपुटी शिव मंदिर में भव्य स्वच्छता अभियान चलाया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा न केवल युवाओं को सेना और पुलिस सेवा में भर्ती होने के लिए निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें समाज सेवा और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। अभियान के दौरान बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने उपस्थित युवाओं को जीवन में स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कहा कि शरीर की तंदुरुस्ती के साथ-साथ हमारे आसपास के परिवेश और धार्मिक स्थलों का स्वच्छ रहना भी उतना ही आवश्यक है। इसके पश्चात परिषद के जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने स्वच्छता के प्रति संदेश देते हुए सभी युवाओं के उत्साह की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। इस स्वच्छता अभियान में पूर्व सैनिक श्रीकांत तिवारी, सेवारत सैनिक टंकेश्वर सेन के साथ-साथ बड़ी संख्या में भावी युवा सैनिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया l स्वच्छता अभियान के समापन पर परिसर देशभक्ति और स्वच्छता के जयकारों से गूंज उठा। उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों और युवाओं ने एकजुट होकर “स्वच्छता मिशन में मेरी भागीदारी, मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी”, “स्वच्छ भारत, सुंदर भारत”, “स्वच्छ कोंडागांव, सुंदर कोंडागांव” और “भारत माता की जय” के जोरदार नारे लगाए। इस अभियान और युवाओं के उत्साह की स्थानीय नागरिकों व श्रद्धालुओं द्वारा काफी प्रशंसा की जा रही है।
