कुएं में गिरे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित निकाला गया रायपुर से पहुंची विशेष टीम और पशु चिकित्सकों ने घंटों की मशक्कत के बाद चलाया अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा

कुएं में गिरे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित निकाला गया

रायपुर से पहुंची विशेष टीम और पशु चिकित्सकों ने घंटों की मशक्कत के बाद चलाया अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा

कांकेर। जिले के सरोना वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम साईंमुंडा में गुरुवार को कुएं में गिरे तेंदुए का वन विभाग ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। रायपुर से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम एवं पशु चिकित्सकों की निगरानी में तेंदुए को ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर सुरक्षित तरीके से कुएं से बाहर निकाला गया और पिंजरे में रखा गया। उसके स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने कुएं में तेंदुए को गिरा हुआ देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से विशेष रेस्क्यू दल एवं विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों को भी बुलाया गया।
कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान अधिकारियों ने पूरी सावधानी और वैज्ञानिक तरीके से कार्रवाई की। तेंदुए को ट्रेंकुलाइज करने के बाद विशेष उपकरणों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग ने लोगों से घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की, ताकि अभियान बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। यदि वह पूरी तरह स्वस्थ पाया जाता है, तो नियमानुसार उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।