यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4’ अभियान का कारवां देश की सीमा पर तैनात वीरों के सम्मान की भावना लेकर 4 अगस्त 2026 को कोंडागांव पहुंचा। यहां पहुंचने पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के पदाधिकारियों सहित नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों ने अभियान दल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण ले रहे देशसेवा के भावी प्रहरी युवक-युवतियों ने अभियान दल के सदस्यों को रक्षा सूत्र (कलावा) एवं राखियां भेंट कीं। कोंडागांव जिला के पूर्व सैनिकों और युवाओं ने सीमा पर तैनात जवानों की सुरक्षा और लंबी उम्र की कामना करते हुए अपना राष्ट्रप्रेम प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के सदस्यों ने कहा कि यह रक्षा सूत्र देश के वीर जवानों के प्रति हमारी कृतज्ञता और अटूट विश्वास का प्रतीक है। नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा गया, जिन्होंने आने वाले समय में खुद भी देश सेवा में समर्पित होने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के सदस्य पूर्व सैनिक श्रीकांत तिवारी, पूर्व सैनिक ढालेश साहू, पूर्व सैनिक राकेश धीवर और सेवारत सैनिक टंकेश्वर सेन विशेष रूप से उपस्थित रहे l
