बस्तर रेजिमेंट गठन की मांग पर केंद्र की सकारात्मक पहल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग को लेकर केंद्र सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपमुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि 26 जून 2026 को भेजा गया उनका प्रस्ताव प्राप्त हो गया है तथा इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
9 जुलाई 2026 को जारी इस पत्र में रक्षा मंत्री ने उल्लेख किया है कि “भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना” संबंधी प्रस्ताव पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पत्र सार्वजनिक होने के बाद प्रदेश में बस्तर रेजिमेंट के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हालांकि, रक्षा मंत्रालय ने अभी रेजिमेंट के गठन को लेकर कोई अंतिम निर्णय घोषित नहीं किया है। मंत्रालय के जवाब से इतना स्पष्ट है कि प्रस्ताव विचाराधीन है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उस पर कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर के युवाओं की वीरता, सैन्य परंपरा और राष्ट्रसेवा की भावना का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना में अलग ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी थी। रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रस्ताव पर प्रक्रिया शुरू किए जाने की पुष्टि को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
यदि भविष्य में इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलती है, तो इससे बस्तर अंचल के युवाओं के लिए सेना में अवसर बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र की सैन्य पहचान और गौरव को भी नई पहचान मिल सकती है। हालांकि, रेजिमेंट के गठन पर अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की औपचारिक स्वीकृति के बाद ही होगा।
