उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में बस्तर में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को किया जागरूक

चंद्रहास वैष्णव

साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बस्तर विश्वविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव की गरिमामयी उपस्थिति रही। बस्तर विश्वविद्यालय के सहयोग और जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा, एसपी शलभ सिन्हा, कलेक्टर आकाश छिकारा और महापौर संजय पांडेय सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को फिशिंग लिंक, OTP और QR कोड फ्रॉड, फर्जी KYC, सोशल मीडिया ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे सहित पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल और मैसेज से सतर्क रहने की अपील की।

बस्तर पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का समापन 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर होगा। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है।