*संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की 23वीं वार्षिक सामान्य सभा संपन्न* “*संस्कार भारती कलाकारों की नही कला विश्व के लिये कार्य करे*”

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की 23 वीं प्रांतीय साधारण सभा श्रीजी पैलेस ग्राम उमरपोटी जिला दुर्ग में दिनांक 28 – 29 जून को संपन्न हुई । उद्घाटन अवसर पर राष्ट्रीय मातृशक्ति संयोजिका श्रीमती अनीता करकरे ग्वालियर, मध्य क्षेत्र प्रमुख श्री अनिल जोशी रीवा तथा छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष एवं राज्य के प्रतिष्ठित दाऊ मंदराजी सम्मान से अलंकृत लोक कलाकार श्री रिखी क्षत्रिय भिलाई उपस्थित थे । श्रीमती अनीता ताई ने कला क्षेत्र में संस्कार भारती द्वारा किए जाने वाले कार्यों का उल्लेख करते हुए कला क्षेत्र की समस्याओं , चुनौतियों एवं कला के माध्यम से व्याप्त होने वाले विमर्श पर अपने विचार रखे । आपने बताया कि संस्कार भारती द्वारा पूरे देश में विगत महीनों में किए गए महिला कलाकारों के सर्वेक्षण में 22000 से अधिक महिला कलाकारों का डाटा इकट्ठा हुआ है। इसका यथोचित विश्लेषण कर अलग-अलग विधा के कलाकारों की सूची तैयार करते हुए इनके माध्यम से कला के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में संस्था आगे बढ़ेगी ।
प्रतिवर्ष अनुसार प्रांतीय महामंत्री श्री हेमन्त माहुलीकर कोरबा ने वार्षिक प्रतिवेदन सहित वार्षिक कार्य योजना के अंतर्गत चित्रकला प्रशिक्षण ,भू – अलंकरण (रंगोली) कार्यशाला , संगीत कार्यशाला , लोक कला प्रशिक्षण ,नाट्य कार्यशाला एवं स्मारिकाओं के प्रकाशन संबंधी प्रस्ताव रखे । प्रांतीय कोष प्रमुख श्री जागेश्वर सिंह मानसर कटघोरा ने गत वर्ष का कोष विवरण एवं अगले वर्ष का अनुमानित बजट सभा के समक्ष रखा । गत वर्ष की कार्यवाही विवरण के वाचन पश्चात सभा ने ओंकार ध्वनि के साथ अनुमोदन किया ।
राष्ट्रीय मंत्री श्री रविंद्र बेडेकर नासिक ने इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि संस्कार भारती के कार्यकर्ताओं का संबंध अपने-अपने जिले की सभी कला संस्थाओं से होना आवश्यक है । संस्कार भारती केवल कलाकारों का संगठन नहीं बल्कि कला विश्व का संगठन है। हमें कलाकारों के साथ-साथ प्रेक्षक , समीक्षक और मंच के पार्श्व में कार्य करने वाले कलाकारों की भी चिंता करनी है । कला समाज परिवर्तन एवं जन जागृति का एक साधन है इसलिए कला के माध्यम से दर्शकों में प्रेरणा व सकारात्मकता का व्यापक प्रसार होना चाहिए ।
सभा के समक्ष कोरबा जिले से श्री कन्हैया यादव , रायगढ़ से श्री मनोज श्रीवास्तव, कांकेर से श्री अवधेश लारिया , बिलासपुर से श्री बालमुकुंद श्रीवास , बलरामपुर – रामानुजगंज से श्री पवन कुमार पांडे , जगदलपुर से श्री भरत गंगादित्य , रायपुर से श्री कबीर चंद्राकर , सक्ति से श्री मनोज तिवारी एवं दुर्ग से श्री कीर्ति व्यास जी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया । साहित्य विभाग संयोजक डॉ विश्वनाथ कश्यप बिलासपुर, लोक कला एवं जनजातीय विभाग संयोजक श्री संजीव तिवारी दुर्ग, दृश्य कला विभाग संयोजक श्री भोजराज धनगर रायपुर ,मंचीय कला विभाग संयोजक डॉ आनंद कुमार पांडे जशपुर , कला धरोहर (पुरातत्व) विभाग एवं मातृशक्ति संयोजिका श्रीमती शैलदुलारी सार्वा ने भी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया । इस वर्ष संत रविदास की 650 वीं जयंती और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य पर प्रदेश के अनेक जिलों में कार्यक्रम होंगे ।
इस अवसर डॉ जयमति कश्यप कोंडागांव को मध्य प्रदेश शासन का देवी अहिल्याबाई पुरस्कार , श्री कीर्ति व्यास दुर्ग को छत्तीसगढ़ शासन का चक्रधर सम्मान , श्री रिखी क्षत्रिय भिलाई को छत्तीसगढ़ शासन का दाऊ मंदराजी सम्मान एवं डॉ आनंद कुमार पांडे जशपुर को संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली द्वारा घोषित उस्ताद बिस्मिल्ला खां राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई दी गई एवं अभिनन्दन पत्र प्रदान किया गया ।
प्रांतीय संरक्षक एवं फिल्म – नाट्य कलाकार श्री योगेश अग्रवाल जी ने कहा कि संस्कार भारती धीरे-धीरे प्रदेश में कला के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है , जिसे प्रदेश के अनेकों कलासाधकों एवं दर्शक – श्रोताओं का अच्छा प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है । क्षेत्र प्रमुख श्री अनिल जोशी जी ने कहा कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है, कला में परिवर्तन की ताकत है , समाज में होने वाली कुरीतियों पर प्रहार करने की ताकत है । सोशल मीडिया का समुचित उपयोग एवं आधुनिक माध्यम का सकारात्मक विमर्श में उपयोग बहुत जरूरी है । प्रदेश अध्यक्ष श्री रिखी क्षत्रिय ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि हमें केवल शहरों तक सीमित नहीं रहना है वरन् गांव में रहने वाले कलाकारों तक पहुंच बनानी पड़ेगी । कला प्रस्तुति के दौरान आने वाली उनकी समस्याएं को सुनकर संबंधित अधिकारी / विभाग तक पहुंचाना भी हमारी जिम्मेदारी है । सभा मे संस्कार भारती इकाई काँकेर से अध्यक्ष डॉ.गीता शर्मा, प्रान्त मंत्री श्रीV रिजेन्द्र गंजीर, महामंत्री अवधेश लारिया सम्मिलित हुवे। डॉ विश्वनाथ कश्यप के काव्यात्मक आभार प्रदर्शन एवं सामूहिक संपूर्ण वंदे मातरम् गान के साथ साधारण सभा समाप्त हुई ।