विनोद जैन 
*संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हाजी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए ग्राम पंचायत नकटी में आवंटित भूमि को बदलकर किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थान, विशेष रूप से नया रायपुर में आवंटित किए जाने का अनुरोध किया है।*
विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने अपने पत्र में कहा है कि वर्तमान में ग्राम पंचायत *नकटी* में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी का स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने उल्लेख किया कि ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद उनकी भूमि खाली कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष की स्थिति निर्मित हो रही है।
*विधायक ने कहा कि “सैकड़ों ग्रामीणों का आशियाना उजाड़कर बनने वाली आवासीय विधायक कॉलोनी में रहना उचित नहीं समझती*”
जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और विकास कार्य जनता की सहमति एवं विश्वास के साथ ही किए जाने चाहिए।
विधायक संगीता सिन्हा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित, प्रशासनिक सुगमता तथा विधायकों की आवास संबंधी व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत नकटी के स्थान पर किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थल, विशेषकर नया रायपुर में विधायक कॉलोनी हेतु भूमि आवंटित करने की पहल की जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस जनहित के विषय पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लेकर ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करेगी।
