चंद्रहास वैष्णव
जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेच रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 1 किलो 566 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिले में नशे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि पनारापारा चर्च के पीछे स्थित गली में एक महिला अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रही है।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में महिला पुलिस बल सहित विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम निशा बघेल (23 वर्ष), पति सुनील बघेल, निवासी पनारापारा, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्लास्टिक झोले में रखा गया 1 किलो 566 ग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में महिला कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी तथा उसने गांजा बिक्री करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रानी सोनी एवं भूपेंद्र पैकरा, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा, मीना यादव तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
