यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
कोंडागांव, 19 जून। जिला रायगढ़ स्थित जिला जेल में हुई स्वर्गीय संजय बघेल की संदिग्ध मृत्यु के मामले की निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा प्रदान करने की मांग को लेकर शुक्रवार को सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। समाज के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिला जेल रायगढ़ में हुई संजय बघेल की मृत्यु की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता स्वरूप एक करोड़ रुपये मुआवजा प्रदान किए जाने की भी मांग रखी गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान सतनामी समाज के जिला संरक्षक श्री लखमू राम टंडन, जिला संरक्षक श्री शानू मारकंडे, जिला उपाध्यक्ष श्री भागवत चतुर्वेदी, श्री गुरुचरण मारकंडे, अंबेडकर वार्ड समाज प्रमुख श्री सोनू बंजारे एवं लंजोड़ा क्षेत्र के समाजजन उपस्थित रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को उचित राहत मिल सके और घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।
