यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
कोण्डागांव, 20 जून 2026 | जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, यातायात विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आज शनिवार को स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले की कुल 28 स्कूल बसों का भौतिक निरीक्षण किया गया तथा चालकों और परिचालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी किए गए।
निरीक्षण के दौरान बस चालकों के लाइसेंस सहित वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेजों की वैधता की जांच की गई। इनमें फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, पंजीयन प्रमाणपत्र और मोटरयान कर संबंधी दस्तावेज शामिल रहे।
इसके अलावा बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया। टीम ने अग्निशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस डिवाइस, स्पीड लिमिट डिवाइस, आपातकालीन निकास द्वार तथा प्राथमिक उपचार पेटी की उपलब्धता और स्थिति की जांच की।
जांच अभियान में 7 स्कूल बसों में सामान्य कमियां पाई गईं। संबंधित वाहन संचालकों को आवश्यक सुधार कर 7 दिनों के भीतर जिला परिवहन कार्यालय में पुनः निरीक्षण के लिए प्रस्तुत होने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों का रक्तचाप, शुगर और नेत्र परीक्षण भी किया गया। जांच में एक चालक की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिसे चश्मा लगाने की सलाह दी गई।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
