चंद्रहास वैष्णव 
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में जल्द ही बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर इसकी तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं। प्रस्तावित तबादला सूची में पुलिस अधीक्षक (एसपी), महानिरीक्षक (आईजी), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), डीएसपी, एसडीओपी और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि सूची जारी होते ही प्रदेश के कई जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव देखने को मिलेगा।
सूत्रों के अनुसार बस्तर आईजी पी. सुंदरराज के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल का रास्ता साफ हो गया है। उनके रिलीव होने के साथ ही नई तबादला सूची जारी किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि इस फेरबदल में प्रदेश के सभी पुलिस रेंज प्रभावित हो सकते हैं और आईजी स्तर पर भी नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
संभावित सूची में प्रदेश के करीब 16 जिलों के एसपी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। इनमें रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर ग्रामीण, दुर्ग, धमतरी, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बेमेतरा, बिलासपुर, अंबिकापुर सहित बस्तर और राजनांदगांव रेंज के कई जिले शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा एएसपी, डीएसपी और एसडीओपी स्तर के अधिकारियों के भी बड़े पैमाने पर तबादले किए जा सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की व्यस्तताओं के चलते सूची को अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिल पाई है। हालांकि अधिकारियों के नामों पर लगातार मंथन जारी है। विशेष रूप से उन अधिकारियों को प्राथमिकता से सूची में शामिल किए जाने की चर्चा है जो वर्तमान पदस्थापना में दो वर्ष या उससे अधिक समय पूरा कर चुके हैं। वहीं निरीक्षक से पदोन्नत होकर डीएसपी बने अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश भी इसी फेरबदल सूची के साथ जारी किए जा सकते हैं। पुलिस महकमे में इस संभावित बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
