नक्सलवाद पर सियासत तेज: दीपक बैज का पलटवार, कहा- “नक्सलवाद खत्म करने के लिए कांग्रेस ने दी है बड़ी आहुतियां”

चंद्रहास वैष्णव

 

लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा नक्सलवाद को लेकर दिए गए बयान के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि नक्सलवाद की समाप्ति का श्रेय केवल एक पार्टी को नहीं दिया जा सकता। उन्होंने बस्तर की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद दिलाते हुए भाजपा के आरोपों को ‘बेबुनियाद’ करार दिया।

 

 

“नक्सलवाद के खात्मे के लिए कांग्रेस ने दी कुर्बानी”

दीपक बैज ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए बस्तर की जनता ने हमेशा साथ दिया है। उन्होंने झीरम घाटी हमले जैसी दर्दनाक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं की आहुति दी है। स्वर्गीय महेंद्र कर्मा जी ने नक्सलियों से लड़ते-लड़ते अपनी शहादत दी, इसे भाजपा को नहीं भूलना चाहिए।”

भाजपा शासनकाल में बढ़े नक्सली: बैज

बैज ने पिछले भाजपा शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के 15 वर्षों के शासन में नक्सलवाद बस्तर से निकलकर राजधानी रायपुर तक पहुंच गया था। उन्होंने ताड़मेटला, एर्राबोर और रानीबोदली जैसी बड़ी नक्सली घटनाओं की याद दिलाई जो भाजपा की सरकार के दौरान हुई थीं।

कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों का असर

दीपक बैज ने दावा किया कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान किए गए विकास कार्यों—शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़कों के जाल—ने नक्सलियों को बैकफुट पर धकेला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण ही आज नक्सली मुख्य सड़कों से 20-30 किलोमीटर पीछे हट गए हैं।

“राजनीतिक लाभ के लिए लगाए जा रहे आरोप”

गृह मंत्री के बयान को केवल चुनावी और राजनीतिक लाभ लेने वाला बताते हुए बैज ने कहा कि अगर बस्तर में नक्सलवाद खत्म होता है, तो इससे हमें सबसे ज्यादा खुशी होगी। लेकिन इस मुद्दे पर गलत आरोप-प्रत्यारोप लगाना और कांग्रेस के संघर्ष को कमतर आंकना गलत है।

दीपक बैज ने इन मुख्य बिंदुओं पर सवाल खड़े किए

–झीरम घाटी और महेंद्र कर्मा की शहादत का जिक्र।

–भाजपा के 15 साल के शासनकाल में नक्सलवाद के विस्तार पर सवाल।

–कांग्रेस के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को बताया नक्सलवाद में कमी का मुख्य कारण।

–नक्सलवाद के मुद्दे पर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीति की कड़ी निंदा।

Express MPCG