बम्होरी में मासूमों के हाथों में सट्टे की कमान, ठेमी पुलिस की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल

आशीष दुबे

​नरसिंहपुर। जिले के ठेमी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बम्होरी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने समाज और पुलिस प्रशासन दोनों को झकझोर कर रख दिया है। सट्टे के अवैध कारोबार ने अब मासूम बच्चों को भी अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है, जो भविष्य के लिए एक अत्यंत चिंताजनक संकेत है।

​वीडियो में मासूम पूछ रही- “सट्टा लगवाना है क्या?”:-

​सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने बम्होरी पंचायत में चल रहे सट्टे के खेल की पोल खोल दी है। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि एक छोटी बच्ची बेखौफ होकर पूछ रही है— “आपको सट्टा लगवाना है क्या?”। यह घटना प्रमाणित करती है कि सट्टे का यह काला कारोबार किस कदर जड़ें जमा चुका है कि अब बच्चों का इस्तेमाल भी सट्टा खिलाने या बुकी के तौर पर किया जा रहा है।

​संस्कारधानी की मर्यादा तार-तार, ठेमी पुलिस मौन:-
​बम्होरी क्षेत्र में सट्टे के इस खुले खेल ने ठेमी पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे सटोरिये फल-फूल रहे हैं और अब मासूमों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सवाल यह उठता है कि क्या ठेमी पुलिस को इस वायरल वीडियो और क्षेत्र में चल रही इन अवैध गतिविधियों की जानकारी नहीं है? या फिर जानबूझकर इस ओर से आँखें मूँद ली गई हैं?

​ग्रामीणों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग:-
​मासूम बच्ची का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इन सट्टा माफियाओं पर लगाम नहीं कसी गई, तो गांव के बच्चों का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। क्षेत्र की जनता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस वायरल वीडियो की तत्काल जांच कराई जाए और बम्होरी पंचायत में सट्टा संचालित करने वाले मुख्य सरगनाओं पर रासुका जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए।

​”अब देखना यह होगा कि इस शर्मनाक वीडियो के सामने आने के बाद क्या ठेमी पुलिस कुंभकर्णी नींद से जागती है, या फिर बम्होरी की गलियों में मासूमों के हाथों में कलम की जगह सट्टे की पर्चियां यूँ ही थमाई जाती रहेंगी।”

इनका कहना है कि

थाना प्रभारी ने बताया कि हमारे क्षेत्र मे अवैध गतिविधियों पूरी तरह बंद अगर ऐसा है तो हम पता करवा लेते है और कार्यवाही करवाते है

थाना प्रभारी ठेमी नरसिहपुर

Express MPCG