दीपक विश्वकर्मा
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एवं सामान्य वन मंडल कटनी के तत्वावधान में कटनी स्थित तीन शासकीय विद्यालयों के 138 छात्र-छात्राओं के लिए दिनांक 24 मार्च को वन्य प्राणी संरक्षण, प्रकृति दर्शन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कटनी के आसपास के विभिन्न ग्रामीण अंचलों से आए विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला क्षेत्र स्थित व्याख्या केंद्र में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के इतिहास, जैव विविधता तथा उसके संरक्षण से संबंधित सामान्य जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को वन एवं वन्य प्राणियों के महत्व, उनके संरक्षण तथा वन प्रबंधन की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
इसके पश्चात सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके साथ आए शिक्षकों को धमोखर बफर क्षेत्र में वन भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने चीतल, सांभर, नीलगाय, सोन कुत्ता सहित विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों एवं वन्य जीवों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। वन भ्रमण के दौरान जैसे ही विद्यार्थियों को एक मादा बाघिन दिखाई दी, उनका उत्साह अपने चरम पर पहुँच गया सभी छात्र-छात्राएँ अत्यंत आनंदित एवं उत्साहित हो उठे तथा उन्होंने बाघिन को उसके प्राकृतिक आवास में देखकर एक विशेष अनुभव प्राप्त किया।
इस प्रकृति दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वन एवं वन्य जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। अपेक्षा की जाती है कि इस अनुभव से विद्यार्थियों में वनों एवं वन्य प्राणियों के प्रति प्रेम एवं संवेदनशीलता विकसित होगी तथा वे वन मित्र के रूप में अपने-अपने क्षेत्रों में वनों के महत्व का प्रचार-प्रसार करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
