जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा राम जन्म उत्सव, 23 से 29 मार्च तक विविध कार्यक्रम

चंद्रहास वैष्णव

जिले भर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होने वाले नवरात्रि पर्व के साथ ही प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव और हनुमान जयंती तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विश्व हिन्दु परिषद एवं श्री राम जन्म उत्सव समिति द्वारा नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भव्य और उल्लासपूर्ण आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बुधवार को श्री सीताराम शिवालय में नगर के समाज प्रमुखों और प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पखवाड़े भर चलने वाले कार्यक्रमों को सर्वसम्मति से अंतिम रूप दिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 मार्च को मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी द्वारा भव्य चुनरी यात्रा निकाली जाएगी, जो सीताराम शिवालय से प्रारंभ होकर मां दंतेश्वरी मंदिर में समापन होगी। वहीं 25 मार्च को विश्व हिन्दु परिषद एवं बजरंग दल द्वारा विशाल आमंत्रण बाइक रैली निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर लोगों को राम जन्मोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण देगी।

27 मार्च को प्रभु श्रीराम के प्रकटोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में समाप्त होगी। शोभायात्रा में विभिन्न समाजों द्वारा आकर्षक झांकियां, नृत्य एवं वादन दल शामिल होंगे। साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वाहन, भोजन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

29 मार्च को समरसता भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण करेंगे।

इसके अलावा जिले के लगभग 200 स्थानों पर रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का वाचन किया जाएगा। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में भगवा ध्वज लगाए जाएंगे तथा बाइक रैलियों के माध्यम से जनजागरण किया जाएगा।

समिति ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होकर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करें।

Express MPCG