बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 102 किलो से अधिक गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बोधघाट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 102.82 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 51 लाख 41 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 की शाम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर जगदलपुर पहुंचा है और आड़ावाल रेलवे फाटक के पास ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा और थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

इस दौरान संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम पवन नेताम (29 वर्ष), निवासी डोंगरीपारा ग्राम तुरेनार, थाना नगरनार, जिला बस्तर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे झोले से दो प्लास्टिक पैकेट में 2.58 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर क्षेत्र निवासी हीरालाल नाईक उर्फ कवि नाईक (40 वर्ष) से लाता है। इसके बाद पुलिस टीम को उड़ीसा भेजा गया, जहां दाबलीगुड़ा गांव में दबिश देकर आरोपी सप्लायर हीरालाल नाईक को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 100.24 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है।
इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 102.82 किलोग्राम गांजा, जिसकी कुल कीमत करीब 51.41 लाख रुपये है, पुलिस ने जब्त किया है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) और 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें 11 मार्च 2026 को विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बस्तर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थाना बोधघाट के थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में क्षेत्र में एनडीपीएस और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। बोधघाट पुलिस द्वारा समय-समय पर चलाए गए अभियानों में कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है।

गौरतलब है कि गत वर्ष भी बोधघाट पुलिस ने गांजे के कृत्रिम रूप “आशीष तेल” से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की थी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के साथ-साथ बोधघाट थाना के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

पुलिस की लगातार सक्रियता और कड़ी निगरानी के कारण क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिल रही है। बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

Express MPCG

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *