नारायणपुर में बड़ी कामयाबी: 53वीं बटालियन आईटीबीपी ने कुमुराडी में भारी नक्सली डम्प किया बरामद

चंद्रहास वैष्णव

नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 25 फरवरी 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त बलों ने ग्राम कुमुराडी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग (ADP OPS) के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक बड़े डम्प का भंडाफोड़ किया।

अभियान में COB मंदोड़ा, 53वीं बटालियन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) एवं जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल थी। सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, इम्प्रोवाइज्ड हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।

बरामद सामग्री में शामिल:

लगभग 100 मीटर प्राइमा कॉर्ड

20-20 मीटर सेफ्टी फ्यूज व ऑरेंज फ्यूज

35 किलो सुतली बम

38 किलो उर्वरक पाउडर (भूरा)

18 किलो इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक

2.5 किलो चारकोल

5 एएमएन पाउच

1 इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर व 13 रॉकेट सेल

19 भारी व 11 हल्के मोर्टार सेल

2 इम्प्रोवाइज्ड बीजीएल लॉन्चर

विभिन्न श्रेणी के कुल 160 से अधिक बीजीएल राउंड

2 इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड

पर्याप्त मात्रा में चिकित्सकीय सामग्री व दवाइयाँ

अधिकारियों के अनुसार, यह डम्प नक्सलियों द्वारा किसी बड़ी वारदात की तैयारी के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। समय रहते बरामदगी से सुरक्षा बलों ने संभावित खतरे को टाल दिया है।

क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।