कावरगट्टा मुठभेड़ में दो कुख्यात माओवादी ढेर, हथियार व विस्फोटक बरामद

चंद्रहास वैष्णव

 

जिले के थाना पामेड़ क्षेत्र अंतर्गत कावरगट्टा–गुंडराजगुड़े़म जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए। मुठभेड़ स्थल से ACM प्रदीप उर्फ जोगा और PM भीमा वेको के शव बरामद किए गए हैं। दोनों पामेड़ एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे और इन पर क्रमशः ₹5 लाख व ₹2 लाख का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के अनुसार, 28 जनवरी की शाम विशिष्ट आसूचना के आधार पर DRG टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। 29 जनवरी सुबह लगभग 7 बजे से माओवादियों के साथ लगातार मुठभेड़ हुई। फायरिंग थमने के बाद तलाशी में दोनों वर्दीधारी माओवादी ढेर पाए गए।
मुठभेड़ स्थल से 01 AK-47 रायफल, 01 नग 9 एमएम पिस्टल, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है। दोनों माओवादी हाल ही में कावरगट्टा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच भीमा मड़काम की हत्या सहित कई हिंसक घटनाओं में संलिप्त थे।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों से संगठन कमजोर पड़ रहा है और नागरिक सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने शेष कैडरों से आत्मसमर्पण की अपील की।

वहीं DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की अतिरिक्त टीमों द्वारा क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है।

Express MPCG

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *