*डाक जीवन बीमा स्थापना दिवस पर बस्तर डाक मंडल में विशेष महालॉगिन अभियान, ₹6.5 करोड़ प्रीमियम का लक्ष्य*

चंद्रहास वैष्णव

डाक विभाग द्वारा डाक जीवन बीमा (Postal Life Insurance – PLI) के स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ बस्तर डाक मंडल में भी उत्साहपूर्वक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर आम जनता को बीमा सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष महालॉगिन अभियान का आयोजन किया गया है, जिसके तहत नागरिकों को उसी दिन कोटेशन और नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

डाक जीवन बीमा देश की सबसे पुरानी जीवन बीमा योजनाओं में से एक है, जिसकी स्थापना 01 फरवरी 1884 को हुई थी। प्रारंभ में यह योजना केवल डाक कर्मचारियों के लिए आरंभ की गई थी, लेकिन समय के साथ इसका दायरा बढ़ाया गया। आज यह योजना सरकारी गारंटी, कम प्रीमियम, आकर्षक बोनस और सुरक्षित निवेश के लिए जानी जाती है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बीमा सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 1995 में ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की शुरुआत की गई।

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष महालॉगिन अभियान के अंतर्गत इच्छुक नागरिकों को तत्काल बीमा प्रीमियम का कोटेशन दिया जा रहा है तथा उसी दिन बीमा योजना में नामांकन भी किया जा रहा है। इसके लिए बस्तर मंडल के सभी डाकघर पूरी तरह से तैयार हैं और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

बस्तर डाक मंडल द्वारा इस विशेष अभियान के दौरान लगभग ₹6.5 करोड़ के प्रीमियम व्यवसाय की उपलब्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर अधीक्षक डाकघर, बस्तर मंडल ने कहा कि
“डाक जीवन बीमा पिछले एक सौ चालीस वर्षों से देशवासियों को विश्वास, सुरक्षा और सुनिश्चित लाभ प्रदान करताआ आ रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित महालॉगिन अभियान के माध्यम से हम अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इस सरकारी बीमा योजना से जोड़ना चाहते हैं। सभी डाकघरों में तत्काल कोटेशन एवं उसी दिन नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।”

➡️पात्रता विवरण
डाक जीवन बीमा (PLI) के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में सभी स्नातक एवं पेशेवर, केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारी तथा सूचीबद्ध कंपनियों के कर्मचारी पात्र हैं। वहीं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के सभी निवासी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

डाक विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए डाक जीवन बीमा से संपर्क करें।

Express MPCG

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *