चंद्रहास वैष्णव 
कोण्डागांव। देवांगन समाज द्वारा कोण्डागांव जिले में माता परमेश्वरी जयंती का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक लता उसेंडी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान देवांगन समाज के प्रतिनिधियों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। सांसद महेश कश्यप एवं विधायक लता उसेंडी ने माता परमेश्वरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।
आयोजित कार्यक्रम में समाज की विभिन्न प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाजजनों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
सांसद श्री महेश कश्यप ने अपने संबोधन में माता परमेश्वरी के जीवन दर्शन, त्याग एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि माता परमेश्वरी के प्रति देवांगन समाज में गहरी आस्था और श्रद्धा है। समाज को संगठित एवं सशक्त बनाए रखने में ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने देवांगन समाज की शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रगति की प्रशंसा की।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीमती लता उसेंडी ने माता परमेश्वरी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवांगन समाज अपनी कर्मठता, अनुशासन और समृद्ध परंपराओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा युवाओं को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Leave a Reply