चंद्रहास वैष्णव 
बस्तर जिले के नवपदस्थ कलेक्टर आकाश छिकारा ने शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
कलेक्टर आकाश छिकारा वर्ष 2017 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे संयुक्त सचिव, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, रायपुर विकास प्राधिकरण के पद पर पदस्थ रहे हैं।
पदभार ग्रहण के दौरान उन्होंने जिले के अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल,ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के साथ ही नवपदस्थ कलेक्टर छिकारा ने बस्तर के मीडिया कर्मियों से मुलाकात कर जिले से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा की। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा जल जीवन मिशन, शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, दलपत सागर की सफाई, धान खरीदी से जुड़ी समस्याएं, सरकारी एवं निजी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं तथा शहर को मिले नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शीघ्र संचालन जैसे मुद्दे उठाए गए।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने इन सभी विषयों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए व्यवस्थाओं में सुधार और समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर के समग्र विकास के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधि और मीडिया के सहयोग से प्रभावी कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply