चंद्रहास वैष्णव 
बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बोधघाट पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल की तस्करी कर रहे एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाएं जब्त की हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 जनवरी 2026 की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशीली कैप्सूल बिक्री के लिए मिशन ग्राउंड स्कूल के पीछे झोला लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद सिराज पिता अब्दुल रज्जाक (उम्र 29 वर्ष), निवासी महादेव घाट शिवमंदिर वार्ड, थाना कोतवाली, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके झोले से प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामोडोल स्पास्मो प्रॉक्सीवोन की कुल 30 पत्तियां (240 नग) बरामद की गईं, जिनका कुल वजन 160.8 ग्राम एवं अनुमानित खुदरा बाजार मूल्य लगभग 12 लाख 86 हजार 400 रुपये बताया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को विशेष न्यायालय एनडीपीएस, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग एवं प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग एवं सुनील मनहर, महिला प्रधान आरक्षक वर्षा साहू तथा आरक्षक भैरव सिन्हा, युवराज ठाकुर, रामचंद्र साहू, थानेंद्र सिन्हा और अजीत सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
