*राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जगदलपुर में हेलमेट–सीटबेल्ट जागरूकता रैली*

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर | 02 जनवरी 2026

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत आज यातायात शाखा जगदलपुर से हेलमेट एवं सीटबेल्ट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निकाली गई। रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) योगेश देवांगन भी शामिल रहे।

जागरूकता रैली जगदलपुर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों—कोतवाली चौक, एसबीआई चौक, महावीर चौक, मिताली चौक, नावेल्टी चौक, गोल बाजार चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, कोर्ट तिराहा, लाल चर्च तिराहा, चांदनी चौक, शहीद पार्क तिराहा एवं झंकार टॉकीज रोड से होकर पुनः यातायात शाखा पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। यातायात जागरूकता रथ, बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीटबेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों से बचाव के लिए हेलमेट और सीटबेल्ट के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, तीन सवारी न बैठाएं तथा ओवर स्पीड और ओवरटेक से बचें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित सफर सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लक्ष्मण पोटाई, उप पुलिस अधीक्षक दीपमाला करें, उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) संगम राम, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष जैन, यातायात प्रभारी निरीक्षक मधुसूदन सिंह नाग सहित विभिन्न थानों एवं शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

संदेश:
“हेलमेट–सीटबेल्ट के साथ सफर, सुरक्षित सफर”

Express MPCG