कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला, जमीन दरों में बढ़ोतरी और विकास कार्यों में ठहराव को बताया बड़ी विफलता

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आज जगदलपुर में प्रेस वार्ता कर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए। हाल ही में बढ़ाई गई जमीन की गाइडलाइन दरों पर बोलते हुए बैज ने कहा कि इसका सबसे बड़ा असर जमीन कारोबारियों और आम जनता पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना जनहित को देखते हुए मनमाने ढंग से भूमि दरों में वृद्धि कर रही है।

बैज ने दावा किया कि भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों में प्रदेश में किसी भी प्रकार का उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कर पाई है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ समय पहले सरपंचों के एक समूह ने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर यह जानकारी दी थी कि पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध नहीं है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि “प्रदेश की भाजपा सरकार सरकारी खजाने को दिल्ली भेज रही है, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और जनता निराश है।”

उन्होंने सड़कों की बदहाल स्थिति को भी बड़ा मुद्दा बनाते हुए कहा कि पूरे प्रदेश की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन सरकार केवल नए भवनों के लोकार्पण और शिलान्यास जैसे कार्यक्रमों में व्यस्त है। बैज ने दावा किया कि जमीनी स्तर पर फंड की कमी के कारण विकास कार्यों की रफ्तार पूरी तरह थम चुकी है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वास्तविक समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार घोषणाओं और औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित होकर रह गई है।

Express MPCG