कोण्डागांव से बड़ी खबर, एसपी यदुवल्ली अक्षय कुमार का तबादला, पंकज चन्द्रा होंगे नए पुलिस अधीक्षक
भरत भारद्वाज
कोण्डागांव – जिले से आज शुक्रवार शाम 6 बजे एक बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के सात आईपीएस अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है, जिसमें कोण्डागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर भी बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान पुलिस अधीक्षक यदुवल्ली अक्षय कुमार (भा.पु.से.-2018) को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर पदस्थ किया गया है। वहीं पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.), जो अब तक सेनानी, 13वीं वाहिनी, सशस्त्र बल, बांगी (कोरबा) के पद पर थे, उन्हें नए पुलिस अधीक्षक, कोण्डागांव के रूप में पदस्थ किया गया है।
एसपी स्तर के इस बड़े तबादले को जिले की प्रशासनिक हलचलों से जोड़कर देखा जा रहा है। यदुवल्ली अक्षय कुमार ने अपने कार्यकाल में कोण्डागांव जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उल्लेखनीय अभियान, कानून-व्यवस्था में सुदृढ़ नियंत्रण, और सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
अब जिले की कमान नए एसपी पंकज चन्द्रा के हाथों में होगी। स्थानीय जनमानस में यह उत्सुकता है कि वे जिले में पुलिसिंग को किस नई दिशा में आगे बढ़ाएंगे।