चंद्रहास वैष्णव 
जगदलपुर। आगामी छठ महापर्व 2025 के मद्देनज़र महापौर संजय पांडे ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख छठ पूजा स्थलों — गंगा मुंडा, दलपत सागर एवं अन्य घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्रही, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद बसंती समरथ, पूर्व पार्षद अतुल कौशल, तथा कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, अजय बानिक और विमल पांडे उपस्थित रहे।
दलपत सागर स्थित राम मंदिर परिसर के पास बने छठ घाट का महापौर ने विशेष रूप से निरीक्षण किया। इस अवसर पर रितेश सिन्हा, पंडित विपिन तिवारी, सीमा चौबे, आदर्श सहित कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घाटों की सफाई और रंगाई कार्य समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने बताया कि गंगा मुंडा तालाब में वीड हार्वेस्टर मशीन की मदद से लगातार जलकुंभी और कमल नाल हटाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही घाटों की टाइल्स की सफाई और रंगाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महापौर पांडे ने कहा, “छठ पर्व श्रद्धा और स्वच्छता का प्रतीक है, इसलिए सभी घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि तालाब या घाटों में कोई भी कचरा या प्लास्टिक सामग्री न फेंके, गीला और सूखा कचरा अलग रखें और निगम के वाहनों को ही कचरा सौंपें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं, ताकि छठ पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाया जा सके।
