लालबाग मैदान में 72 पटाखा दुकानों के लिए अस्थाई प्लॉट आवंटित, नगर निगम को 8.64 लाख की राजस्व प्राप्ति
चंद्रहास वैष्णव
जगदलपुर। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर निगम जगदलपुर ने लालबाग मैदान (सनसिटी गेट की ओर) पर फुटकर पटाखा दुकानों के लिए अस्थाई प्लॉटों का आवंटन किया है। इस वर्ष कुल 72 फटाका दुकानों को आवंटन किया गया, जिससे नगर निगम को ₹8 लाख 64 हजार का राजस्व प्राप्त हुआ है। प्रत्येक दुकान के लिए 15×15 फीट का प्लॉट निर्धारित किया गया है, जबकि पंजीयन शुल्क ₹12,000 रखा गया।
नगर निगम द्वारा यह आवंटन प्रक्रिया लॉटरी पद्धति से पारदर्शी तरीके से की गई, जिसमें राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, राजस्व निरीक्षक राकेश यादव, सहायक राजस्व निरीक्षक चंदन प्रजापति, नागेंद्र रणदिवें, राकेश नाग और संतोष बघेल की उपस्थिति रही। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए दो दुकानों के बीच 10 फीट का अंतर रखा गया है।
बस्तर कलेक्टर द्वारा कुल 102 पटाखा व्यापारियों को लाइसेंस जारी किए गए हैं। वहीं, नगर निगम की ओर से पटाखा बाजार स्थल पर अग्निशमन वाहन और कर्मियों की ड्यूटी भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने सभी पटाखा विक्रेताओं से अपील की है कि वे दुकानों में अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखें तथा दुकानें अज्वलनशील सामग्री (जैसे टिन शेड) से निर्मित हों। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन एवं आयुक्त प्रवीण वर्मा की सहमति से किया गया।