विश्व पर्यावरण दिवस विशेष : “हरित स्वच्छता अभियान” कोंडागांव नगर पालिका परिषद द्वारा राम मंदिर तालाब में चलाया गया सफाई अभियान

कोंडागांव न्यूज__
फागू यादव,

कोंडागांव, 5 जून 2025: विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद कोंडागांव द्वारा “हरित स्वच्छता अभियान” के अंतर्गत नगर के प्रमुख स्थलों पर सफाई एवं स्वच्छता कार्य चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 1 जून से हुई थी और यह 5 जून तक जारी रहेगा।

इसी कड़ी में आज बुधवार, 5 जून को सुबह 8 बजे से राम मंदिर तालाब परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस मौके पर नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और तालाब की सफाई में सहयोग किया।

नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने बताया कि, “पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए नागरिकों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।”

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के कर्मचारी, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं एवं अनेक नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर तालाब परिसर की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

नगर पालिका परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे नियमित रूप से अपने आसपास की सफाई बनाए रखें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Express MPCG