कोंडागांव ब्रेकिंग न्यूज__
फागू यादव, 
कोंडागांव, छत्तीसगढ़ 11 मई 2025: रविवार शाम कोंडागांव जिले में दर्दनाक सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। नेशनल हाईवे-30 के जगदलपुर मार्ग पर महज दो घंटे के भीतर हुए इन हादसों में चार लोगों की जान चली गई।
पहली घटना दहीकोंगा और सुकुरपाल के बीच हुई, जहां एक ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
दूसरी घटना शाम करीब 6 बजे दुधगांव के पास हुई, जहां एक तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार बनियागांव निवासी आदि अवस्थी पिता शेखर अवस्थी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इन दो हादसों ने जिले में दहशत का माहौल बना दिया है। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई जारी है, लेकिन दुर्घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है।
