फागु यादव
*कोंडागाँव, 3 अप्रैल 2025:* अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागाँव के मार्गदर्शन में ग्राम बनजुगानी में शहीद आरक्षक रामदास कोर्राम की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल समेत अनेक गणमान्य अतिथि और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद रामदास कोर्राम के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, शहीद के परिजनों और अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। सभी ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीद को नमन किया।
पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार ने इस अवसर पर कहा, “शहीद रामदास कोर्राम ने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। हम उनके इस अमर बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे और उनके परिवार की हर संभव सहायता की जाएगी।”
बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने बताया कि 3 अप्रैल 2021 को रामदास कोर्राम नक्सली मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देते हुए शहीद हो गए थे। नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने भी अपने संबोधन में कहा कि “हमें ऐसे वीर योद्धाओं पर गर्व है, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।”
कार्यक्रम के अंत में ग्राम बनजुगानी की सरपंच श्रीमती गोमती नेताम ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान एसडीओपी रूपेश कुमार, थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चहल, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष सूरज यादव, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सेवारत सैनिक रूपसिंह कोर्राम और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्वल्पाहार के साथ किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
