- आशीष कुमार दुबे

गोटेगांव – सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव एवं मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन गोटेगांव के तत्वाधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में राष्ट्रीय प्रो कबड्डी, क्षेत्रीय कबड्डी, महिला कबड्डी एवं अन्य एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का क्रम जारी है। सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव के 41वें सोपान में आयोजित 30 लाख रुपए इनाम की प्रतियोगिता के तृतीय दिवस पर खेल सदन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को खेल एवं मैदान से जोड़ना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। सहयोग क्रीड़ा मंडल की यह यात्रा प्रदेश में परंपरागत खेलों का सबसे बड़ा अभियान है। सभी वक्ताओं ने कीर्ति सुरेश स्व.मणिनागेंद्र सिंह (मोनू भैया) के प्रयासों और भावनाओं को नमन किया। प्रतियोगिता के तृतीय दिवस पर जबलपुर सांसद पंडित आशीष दुबे एवं बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे जी का साथियों के साथ खेल सदन में आगमन हुआ जिन्होंने सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव की मान्य परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी आयोजन की निरंतरता आयोजक मंडल की इच्छा शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव के संस्थापक सदस्य मुलाम सिंह पटेल भैया जी एवं उनके पुत्र प्रहलाद सिंह पटेल, जालम सिंह पटेल की कर्मशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने उद्देश्य में अपने परिवार को समर्पित करना, उनके परिवार की पहिचान है। जबलपुर सांसद ने कीर्तिशेष मणिनागेंद्र सिंह पटेल (मोनू भैया) की व्यक्तित्व को नमन करते हुए कहा कि इस परिवार के युवा प्रबल सिंह पटेल उनके प्रयासों को आगे बढ़ने का कार्य कर रहे हैं। सांसद श्री दुबे ने आयोजक संस्था को इस पुनीत उद्देश्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
पुरुष कबड्डी में राष्ट्रीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
आयोजन समिति की ओर से जानकारी देते हुए जालम सिंह पटेल मुन्ना भैया पूर्व राज्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस पर अखिल भारतीय पुरुष कबड्डी के लीग मैच प्रारंभ हुये जिसमें राष्ट्रीय एवं प्रो. कबड्डी खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व में बड़ी टीमों का गोटेगांव आगमन हुआ है। बताया गया है कि राष्ट्रीय कबड्डी में आदिनाथ गबले युवा पलटन मुंबई, इंडियन नेवी, राजीव गांधी स्पोर्ट्स सेंटर रोहतक, बी.बी.डी. बुलंदशहर, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बारंगगांव महाराष्ट्र, नरवाल अकैडमी, यूपी योद्धा .पंजाब यूनिवर्सिटी, तमिल तलाइवाज, एवं एमपी इलेवन मध्य प्रदेश ने अपनी प्रारंभिक दौर के मैच जीत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सरकार के मंत्री, सांसदों एवं विधायकों का आगमन
प्रतियोगिता के विभिन्न दिवस में मध्य प्रदेश सरकार के अनेक मंत्री गण, सांसद गण एवं विधायकों का आगमन हो रहा है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस जन्म जयंती पराक्रम दिवस की अवसर पर आयोजित समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के साथ पंचायत ग्रामीण एवं श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद दर्शन सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, सांसद राहुल सिंह, विधायक विश्वनाथ सिंह, विधायक महेंद्र नागेश, विधायक नीरज सिंह, पूर्व विधायक एनपी प्रजापति, पूर्व विधायक संजय शर्मा हाकम सिंह जी चड़ार सहित नरसिंहपुर जिले के नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा निर्माण कार्यों का लोकार्पण भूमिपूजन
आज 23 जनवरी दिन गुरुवार को दोपहर 3:00 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथिगणों का आगमन नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम गोटेगांव में होगा। इस अवसर पर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के अलावा माननीय मुख्यमंत्री द्वारा विविध निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव के व्यवस्थापक श्री प्रबल सिंह पटेल ने युवाओं को साथ लेकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में अपना योगदान दिया है। समापन समारोह की अध्यक्षता सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव के संस्थापक सदस्य श्री मुलाम सिंह पटेल भैयाजी द्वारा की जावेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित होने प्रबल सिंह की अपील
मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव इंजीनियर सरदार सिंह पटेल ने सभी आगंतुकों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष दादूराम पटेल, स्थाई समिति के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद जैन व्यवस्थापक एवं सचिव प्रबल सिंह पटेल ,युवा आयोजन समिति के अध्यक्ष अनीश खरया ने सभी खेल प्रेमी दर्शकों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की है।
